March 7, 2026

अग्रसेन वाटिका में अग्रसेन महाराज की प्रतिमा का अनावरण

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-9 स्थित अग्रसेन वाटिका में शनिवार को अग्रसेन महाराज की प्रतिमा का विधिवत एवं गरिमामय अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अग्रसेन समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अग्रसेन महाराज केवल शासक नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, सहयोग और सामूहिक समृद्धि के प्रतीक थे। उन्होंने समाज को आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़े रहने का संदेश दिया। गोयल ने कहा कि अग्रसेन समाज ने सदियों से व्यापार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और समावेशी विकास की सोच को अग्रसेन महाराज की विचारधारा से प्रेरित बताया। गोयल ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को मूल्य और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देती हैं।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अग्रसेन समाज को इस पहल के लिए बधाई दी और अग्रसेन महाराज के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।