Panchkula/Alive News: प्रदेशभर के खेल स्टेडियमों की मरम्मत और कायाकल्प के लिए सरकार ने 114 करोड़ रुपये जारी किए हैं। कई जिलों में सुधार कार्य शुरू हो चुका है, जबकि शेष स्थानों पर जल्द ही काम शुरू होगा।
पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खेल अवसंरचना को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राई स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी भविष्य के ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगी।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि स्टेडियमों के रखरखाव और उन्नयन के लिए डीएससी (डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स काउंसिल) के माध्यम से अतिरिक्त संसाधन जुटाए जाएंगे। इसके साथ ही सभी खेल परिसरों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि सुविधाओं की गुणवत्ता बनी रहे और खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

