March 7, 2026

फरीदाबाद में प्रदेश की पहली हाई-टेक ई-लाइब्रेरी जनवरी 2026 तक शुरू होगी

Faridabad/Alive News: जिला प्रशासन फरीदाबाद में प्रदेश की पहली अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का निर्माण तेजी से अंतिम चरण में है। उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि सेक्टर-12 टाउन पार्क स्थित यह हाई-टेक लाइब्रेरी जनवरी 2026 तक आम जनता के लिए खोल दी जाएगी।

डीसी ने एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी और अमृता हॉस्पिटल, मानव रचना यूनिवर्सिटी तथा लिंग्यास यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्माण व संचालन तैयारियों की जानकारी ली। शैक्षणिक संस्थानों ने डिजिटल संसाधनों, ई-कंटेंट और शोध कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया।

ई-लाइब्रेरी में हाई-स्पीड इंटरनेट, एसी, आधुनिक फर्नीचर, ग्रुप डिस्कशन रूम, ऑडियो-विजुअल हॉल, मेजनाइन फ्लोर और लगभग 200 विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता होगी। परिसर में डिजिटल व फिजिकल दोनों प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध होंगी, जिनमें भारतीय इतिहास, संस्कृति, विज्ञान और सामान्य ज्ञान पर विशेष फोकस रहेगा।

लाइब्रेरी परिसर के आसपास ग्रीन एरिया व अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि यह ई-लाइब्रेरी नए वर्ष की शुरुआत में ही क्षेत्रवासियों के लिए एक प्रेरणादायक अध्ययन स्थल बन सके।