April 24, 2024

‘हरियाणा एक हरियाणवी एक’ की नीति पर कार्य कर रही है प्रदेश सरकार: गुर्जर

Faridabad/Alive News: भारत सरकार के ऊर्जा एवं भारी उद्योग विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार हरियाणा एक हरियाणवी एक की नीति पर विकास कार्यों का क्रियान्वयन कर रही है। हरियाणा आज 55 साल का हो गया हैं और आज हरियाणा देश मे विकास के कई क्षेत्रों में अग्रणी राज्यों में गिना जाता है।

हरियाणा में गांव को दूसरे गांव से जोड़ना सड़कों और बिजली के क्षेत्र में देश में सबसे पहले विकास का हुआ।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने यह बात गत सायं स्थानीय सेक्टर -12 के कान्वेशन हाल में आजादी के अमृत महोत्सव की श्रंखला में हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।सांस्कृतिक संध्या को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर और हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर उपस्थित लोगों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 146वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।

55 साल के इतिहास में हरियाणा बिजली, कृषि, औद्योगिक विकास, आईआईटी, शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में देश की अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। हरियाणा शहीदों और वीरों की भूमि है और रहा है। महाभारत भी हरियाणा की भूमि पर हुआ और गीता का उपदेश भी हरियाणा की माटी पर ही दिया गया। हरियाणा प्रदेश ऐतिहासिक दृष्टि से भी वीरों की भूमि के नाम से गिना जाता है।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा एक हरियाणवी एक नीति पर यदि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक भागीदार बनेगा तो निश्चित तौर पर हरियाणा देश ही नहीं विश्व के समृद्धि और शक्तिशाली राज्य के रुप में गिना जाएगा। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने सांस्कृतिक सांध्य को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा आयोजित स्वतंत्रता 75वें वर्ष को आजादी के अमृत महोत्सव में मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि व प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर भी उपस्थित लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा फरीदाबाद का भी चहुमुखी विकास किया जा रहा है। पहले फरीदाबाद में केवल आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग से ही जुड़ा हुआ था। जबकि वर्तमान सरकार ने पिछले 7 सालों में जेवर एयरपोर्ट और मुंबई हाईवे सहित दिल्ली की कनेक्टिविटी भी कई अन्य रास्तों से करके फरीदाबाद में चहुमुखी विकास करवाया जा रहा है।

उपायुक्त जितेंद्र यादव ने कहा कि हरियाणा का जन्म 1 जनवरी 1966 को हुआ था। पिछले 55 वर्षों में हरियाणा में संस्कृतिक, औद्योगिक, सेना, खेलों, कृषि बिजली, सहित अनेक क्षेत्रों में चहुमुखी विकास किया है। आजादी के इस अमृत महोत्सव के तहत सांस्कृतिक संध्या पर जिला फरीदाबाद में शहीदों की याद में मनाई जा रही है।

इस अवसर पर आरएसएस के गंगादत्त मिश्र, भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जेजेपी के जिला अध्यक्ष अरविंद शर्मा, जिला उपायुक्त जितेंद्र यादव, एमसीएफ कमिश्नर यशपाल यादव, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, नगराधीश पुलकित मल्होत्रा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम, जिला शिक्षा अधिकारी रितु चौधरी, रैडक्रास के सचिव विकास कुमार, शहीद परिवारों की वीरांगनाएं और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।