April 19, 2024

पैरा ओलंपिक मेडलिस्ट सिंहराज अधाना का किया सम्मान

Faridabad/Alive News: पैरा ओलंपिक मेडलिस्ट सिंहराज अधाना के सम्मान में मानवीय निर्माण मंच की ओर से योग तरंग महोत्सव का आयोजन शनिवार को टाउन पार्क सेक्टर 12 फरीदाबाद तिरंगे के नीचे किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सिंह राज अधाना ने शिरकत की। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन के द्वारा किया गया।

मंच का संचालन रेनू आर्य एवं बृजमोहन भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें मुख्यता सैनिक पब्लिक स्कूल ऊंचा गांव बल्लभगढ़ की पंजाबी डांस एवं कोरोना से बचाव योग एक्ट शामिल रहे। कमला नेहरू पब्लिक स्कूल ने रामायण का मंचन करते हुए सभी को आदर्श राम के चरित्र से उस सीखने की प्रेरणा दी।

मानवीय निर्माण मंच रोहतक एवं दिल्ली की टीम ने योग के उच्चतम प्रदर्शन को दिखाते हुए सभी का मन मोह लिया। जिसमें उन्होंने लकड़ी मलखंब एवं रस्सी मलखंब के साथ भारतीय युद्ध परंपरा लाठी का प्रदर्शन किया। हरियाणा की संस्कृति को बढ़ाते हुए ब्रिज नट मंडली की ओर से हरियाणवी नृत्य का प्रदर्शन किया गया। जहां राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की छात्राओं ने हरियाणा की शान में और चार चांद लगा दिए।

मंच के संचालक डॉ बलराम आर्य ने बताया कि योग तरंग महोत्सव केवल एक महोत्सव भी नहीं अपितु यह एक संस्कार भूमि है। जहां मनुष्य को उसके दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों के लिए अनेकों प्रेरणा मिलती है। सिंहराज अधाना ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि हमें जीवन में कभी भी विफलता को स्वीकार नहीं करना चाहिए। जितना हो सके हमें प्रयास पर प्रयास करने चाहिए।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में अजय शास्त्री, अरुण ठाकरान, सत्यवीर डागर, जेएस जांगड़ा, देशराज आर्य, उधम सिंह, लोकेश शर्मा एवं मंच के अधिकारी सहित सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।