March 7, 2026

दिल्ली-मथुरा हाईवे की सर्विस रोड हुई जलमग्न

Faridabad/Alive News: देश-विदेश से आने-जाने वाले यात्रियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले दिल्ली–मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े मार्गों की हालत बदहाल होती जा रही है। जगह-जगह टोल टैक्स वसूले जाने के बावजूद यात्रियों को सुगम और सुरक्षित सफर नहीं मिल पा रहा है। राजमार्ग और उससे जुड़ी सर्विस सड़कों की स्थिति कई स्थानों पर बेहद खराब बनी हुई है।

फरीदाबाद में एस्कार्ट्स मुजेसर मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित सर्विस सड़क पिछले करीब एक महीने से सीवर के पानी में डूबी हुई है। लगभग आधा किलोमीटर लंबी सड़क पर एक फुट तक जलभराव है। लगातार पानी भरे रहने से सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन खराब होकर बीच रास्ते में ही खड़े हो जा रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। किसी भी विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।

बताया गया कि इसी सर्विस सड़क से सेक्टर रोड भी जुड़ी हुई है, जिसके चलते यहां दिनभर भारी यातायात दबाव रहता है। ऐसे में जलभराव और टूटी सड़क लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है।