March 7, 2026

विद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता की ली शपथ

Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा की राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रास ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। सरदार वल्लभ भाई पटेल के समृद्ध और अतुलनीय भारत के लिए अद्वितीय योगदान के लिए असेंबली में विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को लौह पुरुष के जीवन चरित्र के बारे में बताया। विद्यालय की एस जे ए बी तथा जे आर सी प्रभारी प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के निर्देशानुसार सभी विद्यार्थियों और प्राध्यापक साथियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलवाई गई ।

प्राचार्य मनचंदा और प्राध्यापक जितेंद्र गोगिया ने बताया कि 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिवस का प्रारंभ 2014 में किया गया था। हमारा देश विश्व के सबसे बड़े देशों में से एक है जो दूसरा सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश है। यहां सौलह सौ भी से अधिक भाषाएं बोली जाती हैं और हिन्दू, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, इस्लाम और पारसी आदि विभिन्न धर्म एवं संस्कृतियों, परम्पराओं, पोशाकों, भिन्न – भिन्न रहन सहन, खान – पान और सामाजिक रीति रिवाजों के साथ हमारा देश विश्व का सबसे विविधतापूर्ण राष्ट्र है। प्राचार्य, सभी स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने शपथ ली कि मैं शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए खुद को समर्पित करता हूं और अपने साथी देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने के लिए कड़ी मेहनत करता हूं। मैं इस प्रतिज्ञा को अपने देश की एकता की भावना से लेता हूं जो सरदार वल्लभभाई पटेल की दृष्टि और कार्यों से संभव हुआ।

 इस अवसर पर प्रवक्ता जितेंद्र ने सभी को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने समस्त स्टाफ और बच्चों को राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए सदैव सत्यनिष्ठा से कार्यरत एवम देश के लिए समर्पित रहने के लिए कहा।