Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 एचएसवीपी ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी उत्सव एवं सरस आजीविका मेला महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल साबित हो रहा है। उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देश और जिला परिषद की सीईओ शिखा के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में देश के कई राज्यों से आए स्वयं सहायता समूह सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
इसी कड़ी में तमिलनाडु के पुडुकोट्टई जिले से आईं लता ने बताया कि वह मेले में कांचीपुरम की पारंपरिक साड़ियां लेकर पहुंची हैं। लता “शक्ति” स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस मेले में भाग लेकर उन्हें बहुत अच्छा अनुभव हो रहा है और उनके उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है।
लता ने बताया कि कांचीपुरम साड़ियां अपनी उत्कृष्ट बुनाई, शुद्ध रेशम और पारंपरिक डिजाइनों के लिए जानी जाती हैं। मेले में आने वाले लोग इन साड़ियों में खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिससे उन्हें अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मेले में बाहर से आए प्रतिभागियों के लिए स्टॉल, रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
लता ने हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे मेले आयोजित होते रहेंगे, जिससे स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ने का और अवसर मिलेगा।

