March 7, 2026

सरकारी दफ्तरों के हब सेक्टर-12 की सड़कों का होगा कायाकल्प

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-12 की सभी आंतरिक सड़कों की मरम्मत की जाएगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य कराया जाएगा। योजना के तहत सभी सड़कों पर डामर मिक्सचर की नई परत बिछाई जाएगी। अथॉरिटी का दावा है कि इसी माह कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और वर्क ऑर्डर जारी होते ही काम आरंभ होगा।

एक्सप्रेसवे और हाईवे के बीच अहम कड़ी

सेक्टर-12 दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के बीच स्थित है। हाईवे को एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली मुख्य सड़कें पहले से विकसित हैं, लेकिन सेक्टर की आंतरिक सड़कों की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है।

कई सड़कें बुरी तरह टूट चुकी हैं और जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।बारिश या जलभराव के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी भरने से गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र

सेक्टर-12 में जिले के कई प्रमुख सरकारी दफ्तर स्थित हैं। इनमें मिनी सचिवालय, जिला न्यायालय, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय, तहसील कार्यालय, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, रेड क्रॉस, टाउन पार्क, हरियाणा राज्य खेल परिसर, जीएसटी भवन, श्रम विभाग और श्रम न्यायालय शामिल हैं।

जिला आयुक्त, अतिरिक्त जिला आयुक्त, एसडीएम, पुलिस अधिकारी और न्यायाधीश प्रतिदिन इन सड़कों से होकर गुजरते हैं। इसके अलावा मंत्री और विधायक भी नियमित रूप से मिनी सचिवालय में बैठकों के लिए आते हैं।

आसपास के सेक्टरों का भी भारी दबाव

हालांकि सेक्टर-12 मुख्य रूप से रिहायशी क्षेत्र नहीं है, लेकिन इसकी सड़कों का उपयोग आसपास के सेक्टरों के लोग बड़ी संख्या में करते हैं। सेक्टर-9, 10, 11, 12, 14, 15 और 17 से आने-जाने वाला ट्रैफिक यहां सबसे अधिक रहता है। ऐसे में सड़क मरम्मत से आमजन और प्रशासन दोनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।