Faridabad/Alive News: जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद ने आज बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी का जन्मदिन सेवा भाव के साथ मनाया गया। यह आयोजन भारत विकास परिषद एवं राजस्थान एसोसिएशन फरीदाबाद के सहयोग से मंदता ग्रस्त बच्चों के लिए संचालित केंद्र तथा नशा मुक्ति केंद्र में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सोरोत ने अपनी टीम के साथ बच्चों के बीच केक काटा और उन्हें फल व मिठाइयां वितरित कीं। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
सचिव बिजेंद्र सोरोत ने अंकुश मिगलानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फरीदाबाद रेडक्रॉस सोसाइटी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बन रही है। उन्होंने कहा कि अंकुश मिगलानी के नेतृत्व में सोसाइटी नई ऊंचाइयों को छू रही है और एक नई पहचान स्थापित कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित सेवानिवृत्त तहसीलदार जय प्रकाश गर्ग ने भी अंकुश मिगलानी को जन्मदिन की बधाई दी और उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने रेडक्रॉस टीम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को यादगार बनाने के लिए रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला प्रशिक्षण अधिकारी जितिन शर्मा, राजस्थान एसोसिएशन की रेणु, भारत विकास परिषद से वंदना, प्रोजेक्ट निदेशक धर्मेंद्र तथा नेचर थेरपी से सी.बी. यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अंकुश मिगलानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

