Faridabad/Alive News: सेक्टर-85 स्थित क्राइम ब्रांच पर एक महिला ने थर्ड डिग्री टॉर्चर के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। पीड़िता के अनुसार, उसे बेंच पर उल्टा लिटाकर दो पुलिसकर्मी उसकी पीठ पर बैठ गए और उसका चेहरा पानी से भरे टब में डुबो दिया गया, जिससे उसका दम घुटने लगा। जब वह तड़पने लगी तो उसका चेहरा बाहर निकाला गया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ छत से बंधी रस्सी में बांधकर करीब 10 मिनट तक हवा में लटकाए रखा। इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
पीड़िता सरोज सेक्टर-85 में एक निर्माणाधीन इमारत में चौकीदारी करती है और वहीं पति के साथ रहती है। वह आसपास के घरों में झाड़ू-पोंछा और बर्तन मांझने का काम भी करती है। सोमवार को टीडीआई सोसायटी निवासी अश्वनी सेठी के फ्लैट में चोरी हुई थी। वे परिवार सहित वृंदावन गए हुए थे और सरोज उनके घर काम करती थी, इसी आधार पर उस पर संदेह जताया गया।
महिला का आरोप है कि मंगलवार शाम को क्राइम ब्रांच उसे चोरी के संदेह में उठाकर ले गई और घंटों पूछताछ के बाद कुछ न मिलने पर वापस घर छोड़ दिया गया। उसने बताया कि टॉर्चर करने वालों में पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे और वहां केवल एक महिला पुलिसकर्मी मौजूद थी। पीड़िता की आपबीती का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसने इस संबंध में बीपीटीपी थाना पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बीपीटीपी थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं क्राइम ब्रांच प्रभारी का कहना है कि महिला को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था और थर्ड डिग्री टॉर्चर के आरोप पूरी तरह गलत हैं।

