Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा की अध्यक्षता में प्रवर्तन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा, गौरव अंतिल, एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. विजयपाल यादव सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम-1994 तथा सॉलिड वेस्ट, प्लास्टिक वेस्ट, सी एंड डी वेस्ट, ई-वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट, सेप्टिक व सीवरेज नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 1 फरवरी से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में अवैध विज्ञापनों, होर्डिंग्स और मोबाइल टावरों को हटाने, जुर्माना व एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। अवैध निर्माण पर सख्ती, प्रॉपर्टी आईडी के त्वरित निर्माण, जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और अवैध पानी-सीवर कनेक्शनों के नियमितीकरण पर जोर दिया गया।
इसके अलावा अतिक्रमण हटाने, सी एंड डी वेस्ट डालने वालों पर कार्रवाई, वायु प्रदूषण फैलाने वालों के चालान, आवारा पशुओं की धरपकड़ तेज करने तथा एक लाख रुपये से अधिक बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वाले डिफॉल्टरों की संपत्ति सील करने के निर्देश दिए गए।
निगम आयुक्त ने अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यों की दैनिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश देते हुए लापरवाही पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।

