August 14, 2026

CJP नेता अभिजीत दीपके को टाइफाइड, जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ी; सरकार से आज तीसरी बैठक संभव

जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दीपके और बढ़ाई गई पुलिस बैरिकेडिंग।

New Delhi/Alive News: पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को टाइफाइड हो गया है। उन्होंने शनिवार को एक वीडियो जारी कर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी।

इधर, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। प्रदर्शन स्थल के आसपास अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई गई है। CJP ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बाद कहा था कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 20 जुलाई की तरह फिर से बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यदि धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तो सरकार के साथ आगे बातचीत का कोई मतलब नहीं रहेगा।

सरकार और CJP के प्रतिनिधियों के बीच शनिवार दोपहर 3:30 बजे तीसरी बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अपना रुख स्पष्ट कर सकती है।

इससे पहले CJP ने दावा किया था कि सरकार ने पेपर लीक मामले में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को ₹1-1 करोड़ मुआवजा देने और आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने पर सहमति जताई है।

वहीं, दिल्ली पुलिस आज दोपहर 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। पुलिस ने पहले दावा किया था कि 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन में 2500 से अधिक आपराधिक मामलों वाले लोग शामिल थे।

उधर, दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई शुरू कर दी है। इस अदालत की विशेष न्यायाधीश अनु ग्रोवर बलिगा ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। यह अदालत पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2024 के तहत दर्ज मामलों की जल्द सुनवाई करेगी।