Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने दो दिनों के भीतर वार्ड नंबर 38 एवं 34 का दौरा कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में चल रहे विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, सीवरेज, सड़कों सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर संयुक्त आयुक्त करन सिंह भदौरिया दोनों वार्डों के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी तथा वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दौरे के दौरान स्थानीय निवासियों ने निगम आयुक्त के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव रखे, जिनके त्वरित समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
वार्ड नंबर 38 में पहुंचने पर स्थानीय निवासियों द्वारा निगम आयुक्त का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया और क्षेत्र का निरीक्षण करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।

