March 7, 2026

सेक्टर-14 में बने आधुनिक मिनी स्टेडियम का कैबिनेट मंत्री ने किया भव्य उद्घाटन

Faridabad/Alive News: सेक्टर-14 में निर्मित आधुनिक मिनी स्टेडियम का गुरुवार को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल द्वारा भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह मिनी स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए खेल, स्वास्थ्य और प्रतिभा विकास का एक सुरक्षित एवं सशक्त मंच प्रदान करेगा।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि खेल किसी भी समाज की ऊर्जा, अनुशासन और सकारात्मक दिशा का प्रतीक होते हैं। युवाओं को खेलों से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, जिससे वे शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि सेक्टर-14 का यह मिनी स्टेडियम फरीदाबाद में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा और उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह मिनी स्टेडियम केवल एक भवन नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। खेलों के माध्यम से युवा अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास सीखते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक युवा को अपने क्षेत्र में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी भी प्रतिभा को पीछे न रहना पड़े।

उन्होंने आगे कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं और खेल अवसंरचना का विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार की और भी आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

कैबिनेट मंत्री ने आरडब्ल्यूए सेक्टर-14 और स्थानीय निवासियों की सराहना करते हुए कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ही ऐसे जनहितकारी कार्य सफल होते हैं। स्थानीय नागरिकों का सहयोग और सकारात्मक सोच विकास कार्यों को स्थायित्व प्रदान करती है।

उद्घाटन के पश्चात क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने इस मिनी स्टेडियम को बच्चों और युवाओं के लिए एक नई सौगात बताते हुए इसे खेल प्रतिभाओं के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्टेडियम आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।