May 1, 2024

होडल से चंडीगढ़ के लिए चलाई गई बस को विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Palwal/Alive News : हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन एवं विधायक जगदीश नायर ने शुक्रवार को होडल से चंडीगढ़ तक चलाई गई बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने इस अवसर पर कहा कि होडल उपमंडल क्षेत्रवासियों की काफी पुरानी मांग थी कि यहां से चंडीगढ़ तक सीधी बस सेवा शुरू की जाए। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए होडल से चंडीगढ़ तक बस चलाई गई है। यह बस नंबर-एचआर-73ए-5715 होडल बस स्टैंड से प्रात: 5 बजे चलेगी और उसी दिन सायं 7 बजे के करीब वापस होडल बस स्टैंड पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार जनता के हित के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने होडल से चंडीगढ़ तक की बस सेवा शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल व परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा का भी धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों को चंडीगढ़ जाने के लिए पलवल या वल्लभगढ़ से बस पकडनी पडती थी, जिसमें उनका समय भी अधिक लगता था। यह बस सेवा शुरू होने से उनके चंडीगढ़ पहुंचने में समय भी कम लगेगा और परेशानी भी कम होगी।

इस अवसर पर उनके साथ रोडवेज के महाप्रबंधक अनित कुमार, डीआई धर्मवीर, बस के ड्राइवर राजपाल व परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।