Faridabad/Alive News: विभाजन विभीषिका दिवस की स्मृति में आज बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने नगर के विभिन्न स्थलों पर जाकर राष्ट्र के महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की और विभाजन काल के प्रत्यक्षदर्शियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में नगर के पार्षदगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर चौक से हुई, जहां विधायक ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शहीद राजा नाहर सिंह जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शहीद स्मारक, राजा नाहर सिंह पार्क में जाकर शहीदों को नमन किया। इस दौरान विभाजन के प्रत्यक्षदर्शी बुजुर्ग नागरिकों को फूलमालाओं एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात विधायक मूलचंद शर्मा चावला कॉलोनी 100 फीट रोड स्थित अग्रसेन चौक पहुंचे, जहां उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी को पुष्पांजलि अर्पित की और देश-प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस उन लाखों लोगों के बलिदान और पीड़ा को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने 1947 के बंटवारे में अपना सर्वस्व गंवाकर भी राष्ट्र की अखंडता को बनाए रखा। उन्होंने बताया कि आगामी 14 अगस्त को फरीदाबाद में राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका दिवस का आयोजन होगा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित कई गणमान्य नेता शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रदेश भर से आए विभाजन काल के प्रत्यक्षदर्शियों को सम्मानित किया जाएगा।
विधायक ने नगरवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्र निर्माण के प्रेरणास्रोतों को नमन करने का आह्वान किया।

