March 8, 2026

महापौर ने कहा – अधिकारी वार्डों में जाकर हल करें समस्याएं, निगम आयुक्त ने दिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश

फोटो : नगर निगम कार्यालय

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की महापौर प्रवीण जोशी और निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शनिवार को वार्ड नंबर-2 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे सफाई और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर पार्षद राजेश डागर, संयुक्त आयुक्त जितेंद्र जोशी, संबंधित अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। वार्ड में पहुंचने पर पार्षद राजेश डागर ने महापौर और आयुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और क्षेत्र की विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं।

पार्षद ने मांग की कि सेक्टर-55 की मुख्य सड़क को दोबारा बनाया जाए, अतिक्रमण हटाए जाएं, ड्रेन के साथ सड़क निर्माण किया जाए और सेक्टर-55 मार्केट का जीर्णोद्धार किया जाए। इन सभी मुद्दों पर आयुक्त ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महापौर प्रवीण जोशी ने कहा कि अधिकारी हर वार्ड में जाकर लोगों की समस्याएं जानें और सफाई, सड़क, सीवर व अन्य विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतों को पहले हल करने की प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना है, जिसके लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी से काम करना होगा।”

आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जीवन नगर, सोहना रोड और गोंछी ड्रेन क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी अतिक्रमण हटा दिए जाएं। 

इस मौके पर कार्यकारी अभियंता सतपाल, एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा, एसडीओ नवीन और मुख्यालय सफाई निरीक्षक बिशन सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

महापौर और आयुक्त का यह दौरा वार्ड में विकास और स्वच्छता को नई दिशा देने वाला साबित होगा।