Faridabad/Alive News: पुलिस ने जनवरी महीने में फरीदाबाद के गांव करनेरा में हुई डकैती के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी अपराध शाखा AVTS सिकरोना की टीम ने बुलंदशहर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी को लाकर की।
3/4 जनवरी की रात गांव करनेरा में नवीन त्यागी के घर में हथियारों के बल पर डकैती की वारदात हुई थी। बदमाश घर से नकदी, दो गले के सेट, चार अंगूठियां, दो चैन, एक सोने का सिक्का, लगभग ढाई किलो चांदी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। इस मामले की शिकायत थाना सेक्टर-58 में दर्ज कराई गई थी।
पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता के घर में पेंट का काम चल रहा था। पेंटर संदीप उर्फ शेरू को घर में रखे सामान की जानकारी थी। उसने यह जानकारी बिरेन्द्र उर्फ काका और बबलू को दे दी। इसके बाद आरोपी बिरेन्द्र, बबलू और उनके साथी 3/4 जनवरी की रात टेंपो लेकर पहुंचे और परिवार को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, बिरेन्द्र उर्फ काका (47), निवासी सुलेला, यूपी, एक कुख्यात अपराधी है और उस पर हत्या, लूट, बलात्कार, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम सहित 13 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे 3 दिन के रिमांड पर लिया है ताकि घटना के बारे में और जानकारी मिल सके।
इस मामले में पुलिस पहले ही संदीप उर्फ शेरू, बबलू और पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

