Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हत्या के प्रयास के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला सोशल मीडिया के जरिए युवक को फंसाकर उस पर हमला करने से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी इशान ने थाना बी.पी.टी.पी. में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से एक लड़की से दोस्ती हुई थी। 4 जनवरी 2026 को उस कथित लड़की ने उसे सेक्टर-89 मिलने के लिए बुलाया। जब इशान बताए गए स्थान पर पहुंचा, तो वहां दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 युवक आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उस पर सुआ से हमला भी किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना बी.पी.टी.पी. में हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने मुख्य आरोपी देव कुमार, निवासी भारत कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि देव कुमार की कुछ दिन पहले शिकायतकर्ता इशान से कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते उसने बदला लेने के लिए लड़की के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई, इशान को झांसे में लेकर मिलने बुलाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला किया।

