Faridabad/Alive News: सेक्टर-45 स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र मेवला महाराजपुर में इलाज कराने पहुंच रहे बुजुर्गों और मरीजों के लिए अस्पताल की सीढ़ियां परेशानी का कारण बनी हुई हैं। स्वास्थ्य केंद्र की लिफ्ट कई महीनों से खराब पड़ी है। ऐसे में पहली और दूसरी मंजिल पर जाने वाले मरीजों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और चलने-फिरने में दिक्कत वाले मरीजों को हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लिफ्ट खराब होने की शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसे ठीक नहीं कराया गया है। नरेंद्र कुमार गुप्ता और बलबीर सिंह घुम्मण ने बताया कि 16 सितंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके अगले दिन यूएचसी में हुई बैठक में भी अधिकारियों के सामने समस्या रखी गई। इस दौरान खराब लिफ्ट का निरीक्षण भी किया गया था।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, लिफ्ट का नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। घनश्याम भाटिया, एके भटनागर और कैलाश चंद शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द लिफ्ट ठीक कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले कई बुजुर्ग पहले से घुटने और अन्य शारीरिक समस्याओं से परेशान रहते हैं, ऐसे में उनके लिए बार-बार सीढ़ियां चढ़ना मुश्किल है। मरीजों की सुविधा को देखते हुए लिफ्ट को जल्द चालू किया जाना चाहिए।

