March 7, 2026

नगर निगम सदन में गूंजा पृथला के 7 गांवों का मुद्दा, विधायक ने उठाए कड़े सवाल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम सदन की सोमवार को आयोजित बैठक में पृथला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर तेवतिया ने नगर निगम में शामिल पृथला क्षेत्र के सात गांवों की अनदेखी का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा सहित समस्त सदन के समक्ष विधायक ने सवाल किया कि हजारों करोड़ रुपये नगर निगम को मिलने के बावजूद इन गांवों में विकास शून्य क्यों है और गांवों का पैसा आखिर कहां गया।

विधायक तेवतिया ने कहा कि चंदावली, मछगर, मुजेडी, नवादा, सोतई, साहुपुरा और मलेरना गांवों को नगर निगम में शामिल किए जाने के बाद इनकी पंचायतों की हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति निगम के खाते में चली गई, लेकिन बदले में इन गांवों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गांवों की जमीन आईएमटी फरीदाबाद और रिहायशी सेक्टरों के लिए अधिग्रहित की गई, जिससे मिली राशि का उपयोग गांवों के विकास की बजाय निगम के कर्ज उतारने में किया गया।

विधायक ने कहा कि नगर निगम में शामिल होने के बाद इन गांवों में सड़कों की हालत खराब हो गई है, सफाई और सीवर व्यवस्था बदहाल है और लोग बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि इन गांवों में आरएमसी सड़कें, स्ट्रीट लाइट, सीवर, श्मशान घाट, डिस्पेंसरी, सरकारी स्कूल, ट्यूबवेल, प्रॉपर्टी आईडी, लाइब्रेरी और अन्य विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक रघुबीर तेवतिया ने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि आंतरिक खींचतान के कारण निगम सदन सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा, जिससे लाखों लोगों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सातों गांवों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन सहित बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

विधायक ने विभिन्न गांवों में सामुदायिक भवन, चौपाल, सड़क, नाली, फिरनी, पानी आपूर्ति और अन्य स्थानीय विकास कार्यों की अलग-अलग मांगें भी सदन के समक्ष रखीं और इन पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।