Faridabad/Alive News: इनर व्हील क्लब फरीदाबाद सेंट्रल की ओर से आज सेक्टर-14 में नेत्रहीन जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में चार नेत्रहीन जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधकर फेरे लिए।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन दीपिका बाली ने कहा कि कन्यादान को महादान कहा गया है, लेकिन किसी अन्य की कन्या को अपनी बेटी मानकर कन्यादान करना उससे भी बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब फरीदाबाद सेंट्रल समाजसेवा के ऐसे कार्यों में निरंतर अग्रणी भूमिका निभाता आ रहा है।
क्लब की प्रेसिडेंट रेनू ठक्कर ने बताया कि इस बार “से नो टू प्लास्टिक” अभियान को ध्यान में रखते हुए विवाह में दी जाने वाली भाजी स्टील के बर्तनों में उपलब्ध कराई गई, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके। उन्होंने कहा कि रोटरी व इनर व्हील क्लब समाज से जुड़े कार्यों चाहे वह वृक्षारोपण हो, प्रदूषण नियंत्रण हो या जरूरतमंदों के लिए सामूहिक विवाह में हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
इनर व्हील क्लब फरीदाबाद सेंट्रल की सदस्य मधु वर्मा ने बताया कि क्लब न केवल नेत्रहीन जोड़ों का सामूहिक विवाह कराता है, बल्कि विवाह के बाद पूरे वर्ष उनकी देखभाल भी करता है। इसके तहत घरेलू सामान, राशन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि नवदंपतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब फरीदाबाद सेंट्रल के डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन नरेश वर्मा, सेक्रेटरी योगराज गुप्ता, अनिल राहत, रोटरी क्लब अमृता के प्रेसिडेंट अनिल जैन, अनीता जैन सहित इनर व्हील व रोटरी क्लब की अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की गई।

