March 7, 2026

सेक्टर-80 में बिना विकास कार्य प्लाट आवंटन पर एचयूडीए की लापरवाही, आयोग ने अधिकारी पर लगाया जुर्माना

Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-80 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण  द्वारा की गई प्लाटिंग को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। बिना मूलभूत सुविधाएं विकसित किए और जमीन पर कब्जा विवाद होने के बावजूद प्राधिकरण ने यहां 68 लोगों को प्लाट आवंटित कर दिए। इससे प्लाट धारक पिछले दो वर्षों से परेशान हैं।

सेक्टर-सात निवासी प्लाट धारक भूपेंद्र चौधरी ने इस मामले को लेकर सेवा का अधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की सुनवाई के बाद आयोग ने प्राधिकरण की घोर लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारी पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

आयोग के अध्यक्ष टीसी गुप्ता ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि प्लाट की ई-नीलामी से पहले स्थल पर आवश्यक विकास कार्यों का पूरा होना अनिवार्य है, ताकि आवंटियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। नियमों के अनुसार विकास कार्य पूर्ण होने के बाद ही प्लाट की नीलामी और कब्जा प्रस्तावित किया जाना चाहिए, लेकिन इस प्रकरण में इन नियमों का पालन नहीं किया गया।

आयोग ने अपने आदेश में उल्लेख किया कि 24 नवंबर 2023 को जारी आवंटन पत्र के साथ कब्जा प्रस्तावित किया गया था, जबकि स्थल पर कई विकास कार्य अधूरे थे। साथ ही आवंटन पत्र की शर्त संख्या पांच के अनुसार 30 दिन के भीतर कब्जा न मिलने की स्थिति में ब्याज देय होता है, जिसे नियमों के तहत लागू किया जाना चाहिए।

आयोग ने अधिकारी की गलती मानते हुए शिकायतकर्ता को पांच हजार रुपये का मुआवजा देने के आदेश दिए हैं, जो 15 दिन के भीतर किया जाएगा। इसके साथ ही आयोग ने भविष्य में विकास कार्यों की स्थिति सुनिश्चित किए बिना किसी भी प्लाट को नीलामी प्रक्रिया में शामिल न करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने नीलामी, आवंटन और विकास कार्यों से जुड़े अधिकारियों का विवरण भी मांगा है।

\क्या है पूरा मामला
ग्रेटर फरीदाबाद में बड़ौली-प्रहलादपुर गांव के रकबे में प्राधिकरण ने सेक्टर-80 विकसित किया है। यहां अधिकांश जमीन का अधिग्रहण हो चुका है, लेकिन कुछ किसान अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं। इसी को लेकर पिछले डेढ़ माह से संबंधित जमीन पर धरना चल रहा है।

वहीं नवंबर 2023 में सेक्टर-80 में प्लाट खरीदने वाले 68 प्लाट धारकों ने पूरी राशि प्राधिकरण के पास जमा करा दी है, लेकिन उन्हें अब तक न तो कब्जा मिला है और न ही बुनियादी सुविधाएं। भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि उन्होंने यहां 140 वर्गगज का प्लाट खरीदा है और वह केवल अपने प्लाट का कब्जा चाहते हैं।