June 6, 2026

किसानों की फसल का पूरा दाना खरीदेगी सरकार, मोहना मंडी का निरीक्षण

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की मोहना अनाज मंडी में हरियाणा सरकार के आयुक्त अमित अग्रवाल और डीसी आयुष सिन्हा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और तुरंत समाधान के निर्देश दिए।

अमित अग्रवाल ने कहा कि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदेगी और गेहूं का पैसा सीधे किसानों के खातों में भेजा जाएगा। “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी है और जिन किसानों का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ, उनके लिए पोर्टल जल्द दोबारा खोला जाएगा।

उन्होंने बताया कि मंडी में बेहतर सुविधाओं के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे, किसान सुविधा केंद्र और 10 रुपये में भोजन देने वाली अटल किसान कैंटीन जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं।

किसानों ने मादकौल क्षेत्र में वेयर हाउस की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों ने जल्द व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि ढुलाई के दौरान किसानों से कोई अतिरिक्त पैसे न लिए जाएं।

निरीक्षण के दौरान किसानों और आढ़तियों ने सरकार की खरीद प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बताते हुए संतुष्टि जताई।