May 2, 2024

मैट्रीमोनियल साईट पर विदेशी महिला बनकर ठगी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : आजकल के आधुनिक दौर में मैट्रीमोनियल साईट पर अपना जीवन साथी तलाशना बहुत से लोगो का एक माध्यम है। इस तरीके से जीवन साथी को ढूंढना सुगम भी हैं। लेकिन अधुरी जानकारी से मैट्रीमोनियल साईट पर जीवन साथी की तलाश लोगो के लिए विपत्ति भी बन जाती हैं। कुछ लोग मैट्रीमोनियल साईट पर झूठे प्रोफाईल बनाकर लोगो को शादी का झूठा झांसा देकर इसकी एवज मे अलग-अलग बहाने बनाकर लोगो से पैंसे ऐंठते हैं। ऐसे ही लोगो से ठगी करने वाले एक गिरोह के 4 सदस्यों को साइबर अपराध थाना फरीदाबाद ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी में चिनोंतो रॉय अकाता, अजय, आतिफ अली व एक महिला आरोपी शामिल है। आरोपी चिनोंतो रॉय अकाता नाइजीरियन है। सभी आरोपी फिलहाल दिल्ली में रह रहे थे।

इसी तरह आरोपियो ने मैट्रीमोनियल साईट पर शादी का झांसा देकर फरीदाबाद निवासी अमरीक से 5 लाख 78 हजार रुपये धोखाधडी से हडप लिए। पीड़ित अमरीक की मुलाकात आरोपित लड़की से संगम नामक मेट्रोमोनियल साइट पर हुई थी। जहां पर लड़की ने अपने नीदरलैंड देश के ऐम्स्टर्डैम शहर का बताकर उसे दोस्ती कर ली तथा उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। इसके पश्चात आरोपित लड़की ने मिलने के लिए भारत आने के बाद कही। कुछ समय पश्चात आरोपित लड़की ने अमरीक को फोन करके बताया कि वह लगभग 88 लाख का सामान अपने साथ लेकर आ रहे थे और एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया।

इसके पश्चात उसने अमरीक की अपने आरोपी साथी से बात करवाई जिसने कस्टम अधिकारी बनकर अमरीक से बात की और बताया कि कस्टम की कागजी कार्रवाई के लिए उन्हें 5 लाख 78 हजार रुपए भरने पड़ेंगे। लड़की ने अमरीक को कहा कि उसके पास अभी इतने पैसे नहीं है और मदद के नाम पर उसे पैसे भेजने के लिए कहा। अमरीक ने लड़की की बातों में आकर उनके फर्जी खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए।