March 7, 2026

फरीदाबाद में एरोबिन्स की स्थापना व लोकार्पण, स्वच्छ और हरित शहर की ओर एक और कदम

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी पॉकेट-ए एवं सी में एरोबिन्स की स्थापना एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इको क्लब एनजीओ के सहयोग से संपन्न हुआ। इस पहल को शहर को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त श्री धीरेंद्र खड़गटा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. एन.सी. वाधवा, प्रबंध निदेशक, मानव रचना शैक्षणिक संस्थान, डॉ. अंशु गुप्ता, प्रबंध निदेशक, सर्वोदय हॉस्पिटल्स, कल्पना मंडल (आईईसी एक्सपर्ट एवं जिला समन्वयक), बबीता सिंह सहित आईपीसीए और मदरसन ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि एरोबिन्स के माध्यम से गीले कचरे का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण संभव होगा। इससे गीले कचरे को खाद में परिवर्तित कर पुनः उपयोग किया जा सकेगा, जिससे कचरा प्रबंधन प्रणाली को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलों से नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में फरीदाबाद का बेहतर प्रदर्शन सभी के सामने आएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने इस हरित पहल की सराहना करते हुए नगर निगम फरीदाबाद के प्रयासों की प्रशंसा की और आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।