Faridabad/Alive News: जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के तहत नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी ने विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों से संवाद कर जनसेवा और जागरूकता से जुड़े प्रयासों की सराहना की।
मेयर ने सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें गीता के 18 अध्यायों का सार, महाभारत के प्रमुख प्रसंग तथा आधुनिक जीवन में गीता की प्रासंगिकता को आकर्षक पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था।
उन्होंने प्रदर्शनी को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मनोनीत पार्षद जसवंत पवार, नगर निगम सचिव डॉ. विजय पाल यादव, जिला शिक्षा अधिकारी अंशुल सिंगला, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित कई अधिकारी, समाजसेवी और नागरिक उपस्थित रहे।

