Faridabad/Alive News: शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक तथा सप्लीमेंट्री परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है। शिक्षा विभाग ने स्कूल के छात्रों की तैयारी और परीक्षा के सफल संचालन के संबंध में आदेश दिये हैं। इन परीक्षाओं में विद्यार्थियों को अंक सुधार का भी मौका दिया जाएगा। इसके अलावा परिणाम पोर्टल पर भी अपडेट होगा।
फरीदाबाद के 378 राजकीय विद्यालयों में बाल वाटिका से लेकर 12वीं तक के 1.25 लाख छात्र पढ़ रहे हैं। इनमें आठवीं तक के छात्रों की संख्या लगभग 80 हजार है। शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को पहली से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा की डेटशीट भी जारी कर दी है। पहली से पांचवीं तक के छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं 13 मार्च से 16 मार्च तक आयोजित होंगी।
वहीं, छठी से आठवीं तक के छात्रों की परीक्षा का संचालन 11 मार्च से 18 मार्च तक होगा। परीक्षा के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीइआरटी) की ओर से प्रश्न पत्र भेजे जाएंगे।
नई शिक्षा नीति 2020 के तहत छात्रों को वार्षिक परीक्षा में अंक बढ़वाने का मौका दिया जाएगा। शिक्षा निदेशालय की ओर से सप्लीमेंट्री परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। बाल वाटिका से पांचवीं के छात्रों की सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन 20 अप्रैल से 25 अप्रैल तक किया जाएगा। छठी से आठवीं तक के छात्रों की परीक्षा का आयोजन 20 अप्रैल से एक मई तक किया जाएगा। छात्रों का रिवीजन शीतकालीन अवकाश के बाद कराया जाएगा। स्कूलों को परीक्षा के सफल आयोजन के लिए तैयारियां करने के आदेश शिक्षा विभाग की ओर से दिए गए हैं।
क्या कहना है जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी का
वार्षिक परीक्षा की डेटशीट जारी हो गई है। परीक्षा की तैयारी और सफल संचालन के संबंध में स्कूलों को सूचित कर दिया गया है। विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम पोर्टल पर भी अपडेट किया जाएगा।
-बसंत कुमार ढिल्लों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।

