October 26, 2026

बल्लभगढ़ अनाज मंडी में बनेगा टीन शेड, फेंसिंग और धर्म कांटे की मांग भी होगी पूरी

धान खरीद का जायजा लेने पहुंचे मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन, जलभराव से निपटने के लिए अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ की नई अनाज मंडी में किसानों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए टीन शेड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा मंडी में फेंसिंग और धर्म कांटा लगाने की मांग को भी पूरा किया जाएगा। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने मंडी में धान खरीद की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने, गेट पास बनवाने और धान का उठान कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

चेयरमैन ने मंडी में खरीद व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि फिलहाल गेट पास जारी करने, धान खरीद और फसल उठान में कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। उन्होंने अधिकारियों को मंडी में सफाई व्यवस्था बनाए रखने और अतिक्रमण की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

जलभराव से निपटने के लिए अतिरिक्त पंप लगाने की तैयारी

मंडी में जलभराव की समस्या पर चेयरमैन ने बताया कि पानी निकासी के लिए बूस्टर पंप लगाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पंप भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि टीन शेड के निर्माण के लिए धान खरीद का सीजन समाप्त होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। फेंसिंग और धर्म कांटा लगाने का काम भी कराया जाएगा। भविष्य में मंडियों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ऐप और टोल फ्री नंबर शुरू करने की योजना है।

एमएसपी से अधिक भाव मिलने का दावा

वेदपाल ने कहा कि इस बार धान की कई किस्में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से अधिक कीमत पर बिक रही हैं। उन्होंने इसका श्रेय भारतीय चावल की विदेशों में बढ़ती मांग और निर्यात के अवसरों को दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और मंडियों में आधारभूत सुविधाएं बेहतर करना सरकार की प्राथमिकता है।