May 5, 2024

बकाया जमा ना करने पर बकायेदारों को झेलनी पड़ सकती है परशानी

Faridabad/Alive News : नगर निगम बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। निगम इस बार 50 हजार से अधिक राशि के बकायेदारों के पानी और सीवर के कनेक्शन काटने के साथ संपत्तियां सील कर नीलाम करने की भी तैयारी में है। इसके लिए निगम ने नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। तीन दिन में यदि बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो निगम अपनी कार्रवाई शुरू कर देगा।

मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम का शहरवासियों पर करीब 200 करोड़ रुपये का संपत्ति कर बकाया है। इनमें ऐसे बकायेदार शामिल हैं, जिनके ऊपर नगर निगम का 50 हजार, एक लाख और इससे अधिक राशि वाले बकाया हैं। वहीं नगर निगम के अनुसार शहर में करीब ढाई लाख रिहायशी, वाणिज्यिक और औद्योगिक संस्थान हैं, जो संपत्ति कर के दायरे में आते हैं। लंबे समय से संपत्ति कर जमा नहीं कराया जा रहा है। नए सर्वे के मुताबिक निगम क्षेत्र में साढे़ पांच लाख संस्थान ऐसे हैं, जिनसे निगम को संपत्ति कर वसूलना है।