June 6, 2026

यूपी 16ईडी सीरीज के वीआईपी नंबरों का क्रेज

Noida/Alive News: हल्के वाहनों के लिए जारी की गई यूपी 16ईडी सीरीज के पसंदीदा नंबरों को लेकर वाहन स्वामियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खासकर वीआईपी, आकर्षक और अति आकर्षक नंबरों की मांग तेजी से बढ़ी है अब तक 300 से अधिक सामान्य पसंदीदा नंबरों की बुकिंग हो चुकी है, जबकि करीब 100 आकर्षक और अति आकर्षक नंबर भी लोगों ने अपने नाम करा लिए हैं।

परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ऑनलाइन सुविधा मिलने के बाद लोग घर बैठे ही अपनी पसंद के नंबर चुन रहे हैं। विभाग की वेबसाइट पर यूजर आईडी बनाकर वाहन स्वामी आसानी से नंबर आरक्षित कर सकते हैं। सामान्य पसंदीदा नंबरों के लिए दोपहिया वाहनों पर एक हजार रुपये और चारपहिया वाहनों पर पांच हजार रुपये शुल्क तय किया गया है।

वहीं आकर्षक और अति आकर्षक नंबरों के लिए निर्धारित आधार मूल्य जमा कर सीधे ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है। नई सीरीज आने के साथ ही खास नंबरों को लेकर लोगों में पहले से ज्यादा रुचि बढ़ी है, जिसके चलते ऑनलाइन बुकिंग में लगातार इजाफा हो रहा है।