March 8, 2026

बिना परमिशन मीट बेचने वालों पर निगम सख्त, 3 दिन में बंद करनी होंगी दुकानें

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने शहर में बिना अनुमति चल रही मीट की दुकानों पर कड़ा रुख अपनाया है। निगम ने साफ कहा है कि जिन दुकानों के पास लाइसेंस नहीं है, उन्हें तुरंत बंद करना होगा। निगम ने मीट विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि 3 दिन के भीतर दुकानें बंद नहीं कीं तो सीधे सीलिंग की कार्रवाई होगी।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। निगम की टीमों ने दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे नियमों के तहत लाइसेंस लेकर ही कारोबार करें। जिन दुकानों और रेहड़ियों पर बिना परमिशन मीट बेचा जा रहा था, वहां पहले भी सीलिंग की कार्रवाई की गई थी और यह आगे भी जारी रहेगी।

स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने कहा कि बिना लाइसेंस कोई भी मीट की दुकान या स्टॉल चलने नहीं दिया जाएगा। अवैध मीट कारोबार पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही सामान खरीदें और कहीं अवैध दुकान दिखे तो निगम को सूचना दें।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलते रहेंगे।