March 8, 2026

कैबिनेट मंत्री ने एंटी स्मोकगन मशीन युक्त गाड़ियों को दिखाई हरी झंडी

Faridabad/Alive News: वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और स्वच्छ पर्यावरण के उद्देश्य से आज रविवार को माननीय कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सागर सिनेमा स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, सेक्टर-16 से एंटी स्मोकगन मशीन युक्त गाड़ियों, वॉटर टैंकरों तथा स्वीपिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि स्वच्छ हवा हर नागरिक का अधिकार है और सरकार इस अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि एंटी स्मोकगन मशीनें वायु में मौजूद धूल एवं प्रदूषक कणों को नियंत्रित करने में सहायक होंगी, जिससे शहरी क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता में सुधार आएगा।

मंत्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ठोस और व्यावहारिक कदम उठा रही है। यह पहल सरकार की गंभीर सोच और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रमाण है।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रयास न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में सहायक सिद्ध होंगे, बल्कि नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर राष्ट्रहित में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने दोहराया कि सरकार स्वच्छ हवा, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संतुलन के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में प्रदूषण नियंत्रण के लिए और भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।