March 7, 2026

श्री खाटू श्याम माखन मिश्री मंदिर में हारे का सहारा बाबा श्याम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया

Faridabad/Alive News: हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा यानि खाटू श्याम का जन्मदिन सेक्टर-20 नेशनल हाईवे स्थित श्री खाटू श्याम माखन मिश्री मंदिर में बड़ी ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। मंदिर के परिसर को फूलों और रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। श्याम बाबा का श्रृंगार अलग – अलग प्रकार के फूलों से किया गया। इस दिन मंदिर में जो भी श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने आया उसे बाबा का भोग प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की भी सहायता ली गई।

श्री खाटू श्याम माखन मिश्री मंदिर के महंत पंडित अरुण कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया वह दस साल से बाबा श्याम की कृपा से उनके जन्मदिन को धूमधाम से मनाते है और इस साल भी उन्होंने बाबा श्याम के जन्मदिन का शुभारंभ मंदिर में सुबह 5 बजे मंगला आरती के आयोजन के साथ किया। सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक मंदिर में बाबा श्याम के नाम का भजन और कीर्तन किया गया, बाद में उन्हें 56 तरह के पकवानों का भोग भी लगाया गया। उन्होंने बताया कि इस दिन मंदिर में 1 बजे से शाम 12 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए बाबा के नाम का भंडारा कराया गया, जिसमें उन्हें छोले पूड़ी, कढ़ी- चावल का प्रसाद दिया गया। इस अवसर पर सुबह से रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

क्यों मनाया जाता है श्याम बाबा का जन्मदिन?
उन्होंने बताया कि यह दिन उनके जन्म का प्रतीक है और इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कलयुग में “श्याम” नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। यह मुख्य रूप से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी (देवउठनी एकादशी) को मनाया जाता है, और कुछ लोग इसे फाल्गुन मास की एकादशी को भी मनाते हैं, क्योंकि उस दिन उन्हें वरदान मिला था। इस दिन को बाबा के बलिदान और महानता के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के सख्त इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर प्रबंधन ने पुख्ता इंतजाम किये थे। पंडित अरुण कौशिक ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर में 20 सेवादारों की ड्यूटी लगाई गई थी, साथ ही पुलिस प्रशासन की सहायता भी ली गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में 28 सीसीटीवी कैमरे भीलगाए गए थे।