Faridabad/Alive News: 39वें अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट मेला-2026 में ‘अपणा घर’ विरासत सांस्कृतिक प्रदर्शनी का उद्घाटन भारत के उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सहकारिता राज्य मंत्री व सांसद कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडोली भी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी स्थल पर उप-राष्ट्रपति व अन्य अतिथियों का स्वागत लोक परंपरा के अनुसार पगड़ी पहनाकर किया गया। अतिथियों ने हरियाणवी लोकजीवन में प्रयुक्त प्राचीन वस्तुओं और पारंपरिक परिधानों का अवलोकन किया। उप-राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
हरियाणा पर्यटन विभाग के तत्वावधान में 31 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक चलने वाले सूरजकुंड मेले में विरासत दि हेरिटेज विलेज, कुरुक्षेत्र द्वारा ‘अपणा घर’ की स्थापना की गई है। इसमें हरियाणवी लोक संस्कृति, परंपरागत औजार, वेशभूषा, कृषि उपकरण और दैनिक जीवन में प्रयुक्त प्राचीन वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

