March 8, 2026

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया

Faridabad/Alive News: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में वार्षिकोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीजीडब्ल्यूबी के अवर सचिव एवं वैज्ञानिक एस.एन. द्विवेदी उपस्थित रहे। इसके अलावा बी.एस. भाटी, अंबिका कालरा, रंजन प्रसाद और रंजू जावा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य बीर सिंह और उप-प्रधानाचार्या एल.एन. दास ने सभी अतिथियों का पुष्प-गुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षिका चित्रा, हरिओम, वंसला बैंसला, रश्मि, सुमन रोहिल्ला, शरीफ आलम सहित कई अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर की गई। छात्रों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद छात्रों ने पंजाबी भांगड़ा, राजस्थानी, हरियाणवी, उत्तराखंड और हिमाचली लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

छात्राओं ने योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया और छोटे बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण तथा मोबाइल के दुरुपयोग पर एक सुंदर नाटिका भी प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि एस.एन. द्विवेदी ने कहा कि आज के बच्चे ही कल देश का भविष्य होंगे। इन बच्चों में से ही आगे चलकर आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनकर देश का नाम रोशन करने वाले युवा निकलेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है, जिसमें युवा, महिलाएं, गरीब और किसान महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देना है, ताकि वे पढ़ाई, खेल और अन्य गतिविधियों में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर सकें।

उप-प्रधानाचार्या एल.एन. दास ने कहा कि अच्छी शिक्षा समाज के विकास के लिए जरूरी है, जो छात्रों को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करती है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।