Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शनिवार को अखिल भारतीय किन्नर समाज द्वारा एनआईटी स्थित दशहरा ग्राउंड से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजों के साथ निकली इस यात्रा में फरीदाबाद सहित दूरदराज से आए किन्नर समाज के गणमान्य सदस्यों ने भाग लिया। यात्रा का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ हुआ और यह शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई एनआईटी-1 स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर पहुंची।
यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर किन्नर समाज के सदस्यों का स्वागत किया और आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर संस्था के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया के नेतृत्व में कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर किन्नर समाज के सदस्यों ने मंदिर में पूजा-अर्चना, शांति हवन किया तथा चांदी का मुकुट व घंटा भेंट किया।
डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि किन्नर समाज हमें आत्मबल, आत्मसम्मान और इंसानियत का संदेश देता है। यदि समाज उन्हें समान अधिकार और अवसर दे, तो वे देश के विकास में अहम योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज के आशीर्वाद से सुख-समृद्धि का आगमन होता है।
इस मौके पर फरीदाबाद की गुरु मां मनीषा, राखी मां और आवी दीक्षित ने बताया कि हर वर्ष समाज की सुख-समृद्धि की कामना के साथ कलश यात्रा निकाली जाती है। उन्होंने शहरवासियों का सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में मंदिर प्रबंधन कमेटी के सदस्य, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

