March 8, 2026

सिर में लकड़ी का फट्टा मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला थाना सूरजकुंड क्षेत्र का है, जहां 25 दिसंबर की रात एक व्यक्ति की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस के अनुसार गांव खोरी निवासी एक महिला ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 25 दिसंबर को उसका पति सतीश सिल्वर जुबली गेट के पास स्थित एक दुकान पर बीड़ी का बंडल लेने गया था। उसी दौरान राहुल नामक युवक शराब के नशे में वहां घूम रहा था। सतीश ने राहुल को वहां से जाने के लिए कहा और उसकी मां को भी मौके पर बुला लिया।

इस बात से राहुल गुस्सा हो गया और उसने लकड़ी का फट्टा उठाकर सतीश के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सतीश की मौके पर ही मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना सूरजकुंड की टीम ने आरोपी राहुल (20), निवासी गांव मितरोल, पलवल हाल निवासी गांव खोरी झुग्गी, को शूटिंग रेंज रोड फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राहुल और मृतक सतीश दोनों पहले एक साथ हाउसकीपिंग का काम करते थे। सतीश को नौकरी से हटा दिया गया था और उसे शक था कि राहुल ने ही उसे काम से निकलवाया है। इसके अलावा, जब भी राहुल शराब पीता था तो सतीश उसकी मां से शिकायत कर देता था। 25 दिसंबर को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर राहुल ने सतीश पर जानलेवा हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।