Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने डेढ़ साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम द्वारा की गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला 2 जुलाई 2024 का है।
उस दिन क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 का एक पुलिस कर्मचारी गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट में कार्रवाई के लिए गया था। वहां आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस कर्मचारी पर हमला कर दिया और सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। इस संबंध में थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने 13 जनवरी को कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रकाश (उम्र 37 वर्ष), निवासी आशियाना फ्लैट सेक्टर-56 फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दोस्त नीरज उर्फ संपोला, बनवारी और अन्य साथियों के साथ मिलकर पुलिस कर्मचारी पर हमला किया था और गाड़ी को नुकसान पहुंचाया था। घटना के बाद वह वृंदावन में छिपकर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

