March 7, 2026

गांव बडौली में चाकू मारकर हत्या करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गांव बडौली में हुई हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना बीपीटीपी की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी की शाम गांव बडौली में रिजवान (46) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के बेटे मोहम्मद एजाज ने थाना बीपीटीपी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि गांव बडौली निवासी बीरबल ने उनके पिता पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी।

मामला दर्ज होने के बाद थाना बीपीटीपी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की और आरोपी बीरबल को गांव बडौली के रकबा, आगरा व गुरुग्राम कैनाल के बीच स्थित जंगल से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन रिजवान गांव बडौली की एक मीट की दुकान पर मांस खरीद रहा था और दुकानदार से उधार देने की बात कर रहा था। इसी बात को लेकर वहां मौजूद आरोपी से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने दुकान से चाकू उठाया और कुछ दूरी पर जाकर रिजवान पर 3-4 बार वार कर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश आरोपी के मन में थी।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।