May 13, 2024

दो महीने से फरार चल रहा रेप का आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: महिला थाना सेंट्रल प्रभारी इंस्पेक्टर गीता की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए फरार चल रहे बलात्कार के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर गीता राठी की टीम द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य में एएसआई विधु, एएसआई अजय, हेड कॉन्स्टेबल कविता, सिपाही मुनीश सोनू तथा सतीश का नाम शामिल है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम रविकांत है जो उत्तर प्रदेश के शाहजहां जिले के मऊ कैंट का निवासी है। आरोपी के खिलाफ बलात्कार की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है जिसमें आरोपी ने एक 28 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध स्थापित किए। पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़ित लड़की ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी के साथ वर्ष 2016 में हुई थी जब वह अपने लैपटॉप को लेकर ठीक करवाने के लिए आरोपी के साइबर कैफे पर गई थी।

लैपटॉप ठीक करते समय उसने लड़की की डिटेल निकाल ली और उससे संपर्क करके उसे शादी के लिए मनाने लगा। आरोपी पहले से शादीशुदा था जिसके बारे में उसने पीड़ित लड़की को कुछ भी नहीं बताया हुआ था। आरोपी ने बहाना बनाया कि उसकी बहन बीमार है और वह पीड़ित लड़की की मदद चाहता है। पीड़िता आरोपी पर विश्वास करके उसके घर गई जहां पर आरोपी ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ बलात्कार किया इसके पश्चात आरोपी ने लड़की पर दबाव बनाकर उसके साथ कई बार बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया।

इसके पश्चात काफी समय तक आरोपी लड़की से अवैध संबंध बनाने के लिए उस पर दबाव बनाता रहा। जनवरी में महिला ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दे दी जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि पीड़ित लड़की से मिलने से पहले उसकी शादी हो चुकी थी और वर्ष 2021 में उसका तलाक हो गया था। आरोपी ने दूसरी शादी भी कर ली परंतु पीड़ित लड़की को उसने इस बारे में कुछ नहीं बताया। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।