Faridabad/Alive News: महिला से दुष्कर्म और हत्या के सात साल पुराने मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ज्योति लांबा की अदालत ने बुधवार को आरोपी युवक विनय को दोषी करार दिया है। मामले में सजा गुरुवार को सुनाई जाएगी।
यह मुकदमा 12 अक्टूबर 2018 को सेक्टर-8 थाना क्षेत्र में महिला के पति की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना वाले दिन वह सुबह ड्यूटी पर चला गया था। कुछ देर बाद उसकी साली ने सूचना दी कि उसकी पत्नी कमरे में मृत अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर महिला के सिर और कान से खून बह रहा था।
पड़ोसियों ने बताया कि पति के ड्यूटी पर जाने के बाद विनय नामक युवक कमरे में आया था और थोड़ी देर बाद भागते हुए देखा गया। आरोपी विनय नहरपार हनुमान नगर का निवासी बताया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने उसे गिरफ्तार किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मामले में दुष्कर्म व हत्या की धाराएं जोड़ी गईं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी महिला से 2014 से जान-पहचान थी और वह उस पर शादी का दबाव बना रही थी। आरोपी पहले से शादीशुदा था और शादी नहीं करना चाहता था, इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी ने कबूल किया कि पति के ड्यूटी पर जाने के बाद उसने महिला से दुष्कर्म किया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में पत्थर से चेहरा भी कुचल दिया। लंबे समय से विचाराधीन इस मामले में अब अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया है।

