March 7, 2026

39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल का हुआ भव्य आगाज

Faridabad/Alive News: जिला फरीदाबाद के सूरजकुंड में शनिवार को ‘लोकल टू ग्लोबल आत्मनिर्भर भारत की पहचान’ थीम पर आधारित 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ। यह विश्वप्रसिद्ध मेला 31 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष सूरजकुंड मेला शिल्प के साथ-साथ संगीत, नृत्य, लोककला, सूफी रंग और हास्य की रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। मेले के दौरान प्रतिदिन मुख्य चौपाल और महा स्टेज पर देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त लोक कलाकार, शास्त्रीय व बॉलीवुड गायक, सूफी बैंड, हास्य कलाकार और नृत्य दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

उद्घाटन दिवस 31 जनवरी को सुप्रसिद्ध कलाकार संजय शर्मा द्वारा कोरियोग्राफ की गई ओपनिंग डांस परफॉर्मेंस के साथ सांस्कृतिक संध्याओं की शुरुआत हुई। 1 फरवरी को पद्मश्री लोकगायक महाबीर गुड्डू, 2 फरवरी को प्लेबैक सिंगर हेमंत बृजवासी, 3 फरवरी को तरन्नुम मलिक, 4 फरवरी को सुस्मिता दास व विकास सैनी, 5 फरवरी को इंडियन आइडल विजेता सलमान अली, 6 फरवरी को सूफी-पॉप बैंड स्वरिज़्म, 7 फरवरी को गायक नवीन पुनिया और स्टैंड-अप कॉमेडियन अमित टंडन दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

8 फरवरी को जादूगर सी.पी. यादव और पंजाबी गायक गुरदास मान, 9 फरवरी को पद्मश्री कैलाश खेर, 10 फरवरी को हास्य कवि सम्मेलन, 11 फरवरी को कथक नृत्यांगना अनु सिन्हा व डेजर्ट सिम्फनी ग्रुप, 12 फरवरी को अशोक मस्ती, 13 फरवरी को अनुज शर्मा और 14 फरवरी को विशेष शायरी व स्टैंड-अप कॉमेडी शो होगा। समापन दिवस 15 फरवरी को पं. सुभाष घोष का शास्त्रीय फ्यूजन बैंड और क्लोजिंग डांस परफॉर्मेंस प्रस्तुत की जाएगी।

हरियाणा पर्यटन विभाग के अनुसार ये सांस्कृतिक संध्याएं सूरजकुंड मेले को केवल शिल्प प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध लोक-संस्कृति, संगीत और कला का जीवंत उत्सव बनाती हैं। विभाग ने देश-विदेश से आए पर्यटकों और कला प्रेमियों से इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में भाग लेकर इसका भरपूर आनंद उठाने की अपील की है।