Faridabad/Alive News: हरियाणा के सूरजकुंड में शनिवार को 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेला-2026 का भव्य आगाज हुआ। मेले का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया। यह विश्व प्रसिद्ध मेला 15 फरवरी तक चलेगा।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, सहयोगी देश मिस्र के एम्बेसडर कमल जायद ग़लाल, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपराष्ट्रपति ने दीप प्रज्ज्वलन कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया तथा मेला साथी ऐप का भी लोकार्पण किया।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में कहा कि सूरजकुंड शिल्प मेला ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को साकार करता है और कारीगरों, शिल्पकारों व लोक कलाकारों को वैश्विक मंच प्रदान करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे कारीगर समुदाय सशक्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सूरजकुंड शिल्प मेला प्राचीन विरासत और आधुनिकता का संगम है, जो ‘लोकल टू ग्लोबल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को मजबूत करता है। वहीं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 50 से अधिक देशों के लगभग 700 विदेशी प्रतिनिधि मेले में भाग ले रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
उद्घाटन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही।

