Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित विश्वप्रसिद्ध सूरजकुंड में शनिवार से 39वां इंटरनेशनल आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल भव्य रूप से शुरू हो गया। मेले का उद्घाटन भारत के महामहिम उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में किया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने मेला परिसर का भ्रमण कर देश-विदेश से आए शिल्पकारों की कलाकृतियों की सराहना की। मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न ‘आत्मनिर्भर भारत’ की झलक पारंपरिक शिल्प, हस्तकला, लोक कला और स्वदेशी उत्पादों के माध्यम से देखने को मिल रही है।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने विरासत प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए हरियाणा की समृद्ध कला और संस्कृति की प्रशंसा की तथा शिल्पकारों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा हस्तशिल्प और कारीगरों की मेहनत में बसती है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सूरजकुंड मेला ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को साकार करता है और सरकार शिल्पकारों के सम्मान व हुनर को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने मेले को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह आयोजन ‘अतुल्य भारत’ की भावना को मजबूत करता है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश और मेघालय थीम स्टेट हैं, जबकि मिस्र (इजिप्ट) को कंट्री पार्टनर बनाया गया है। 39वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला भारतीय संस्कृति, स्वदेशी कला और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का भव्य उत्सव बनकर उभरा है।

