Noida/Alive News: लगातार बढ़ती गर्मी के बीच मंगलवार को एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार बीते सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का अधिक सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार तक तापमान इसी स्तर पर बना रहेगा। इसके बाद शुक्रवार से 24 मई तक तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण दोपहर के समय लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है।
वहीं वायु गुणवत्ता की बात करें तो नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 181 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में शामिल है। दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 236 रिकॉर्ड किया गया, जो ऑरेंज जोन में बना हुआ है। बढ़ते तापमान और खराब होती हवा की गुणवत्ता के चलते स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने और अधिक पानी पीने की सलाह दी है।

