June 6, 2026

रोडरेज में युवक पर फायरिंग करने वाला किशोर पकड़ा, बाल सुधार गृह भेजा गया

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में रोडरेज के दौरान एक युवक पर फायरिंग करने वाले किशोर को अपराध शाखा सेंट्रल टीम ने पकड़ लिया है। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 अप्रैल की है। शिकायतकर्ता विवेक ने बताया कि वह सेक्टर-59 की ओर जा रहा था। रास्ते में बालाजी पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल उसकी गाड़ी से टकरा गई। बाइक पर एक लड़का और एक लड़की सवार थे।

टक्कर के बाद बाइक सवार लड़का गुस्से में आ गया और गाली-गलौच करने लगा। इसी दौरान उसने देसी पिस्टल निकालकर विवेक पर फायर कर दिया। जब वह दोबारा फायर करने लगा, तो विवेक ने उसका हाथ पकड़ लिया और उससे पिस्टल छीन ली। मौके पर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी अपनी पिस्टल और मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया।

शिकायत मिलने के बाद थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि टक्कर के बाद आरोपी आवेश में आ गया था और उसने अवैध हथियार से फायर कर दिया। वह यह पिस्टल अपने किसी जानकार से इटावा से लेकर आया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी मार्च 2025 में थाना छांयसा इलाके में हुई लूट की वारदात में शामिल रह चुका है और करीब 3 महीने पहले ही बाल सुधार गृह से बाहर आया था। अब उसे फिर से बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।