September 1, 2026

8 सितंबर तक भरनी होगी छात्राओं के लिए दूध पाउडर व प्रोटीन बार की डिमांड

Faridabad/Alive News: गवर्नमेंट स्कूलों में क्लास 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाली छात्राओं के लिए संचालित मुख्यमंत्री दुग्ध उपहार योजना के तहत मिलने वाले फोर्टिफाइड स्किम्ड फ्लेवर्ड मिल्क पाउडर और प्रोटीन मिल्क बार की डिमांड अब ऑनलाइन भरनी होगी। विभाग ने अक्टूबर से दिसंबर 2026 की मांग तैयार करने के लिए एमआईएस पोर्टल पर एमएमडीयूवाई मॉड्यूल खोल दिया है। यह मॉड्यूल 1 से 8 तक खुला रहेगा।

विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले  गवर्नमेंट  स्कूलों के प्रिंसिपल से निर्धारित समय सीमा में डिमांड भरवाना सुनिश्चित करें। स्कूलों को 8 तक अपने यहां पहले से उपलब्ध और उपयोग में आने वाली सामग्री की संख्या को ध्यान में रखते हुए पोर्टल पर डिमांड दर्ज करनी होगी। उपलब्ध स्टॉक की संख्या घटाने के बाद ही अंतिम मांग तैयार की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि  एमएमडीयूवाई  मॉड्यूल में केवल क्लास 9वीं से 12वीं की छात्राओं को योजना के तहत दी जाने वाली सामग्री का डेटा दर्ज किया जाए। मिड-डे मील से संबंधित सामग्री या स्टॉक की जानकारी इस मॉड्यूल में शामिल नहीं की जाएगी। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी एमआईएस पोर्टल पर अपने लॉगिन से यह भी जांच सकेंगे कि किन स्कूलों ने अभी तक अपनी डिमांड दर्ज नहीं की है।