September 2, 2026

तमिलनाडु के 52 मंदिरों में स्मार्टफोन बैन, ₹5 में जमा होगा फोन; VIP और सेलिब्रिटी पर भी लागू नियम

तमिलनाडु के मंदिर में स्मार्टफोन जमा करने के लिए मोबाइल काउंटर

Chennai/Alive News: तमिलनाडु सरकार ने राज्य के 52 प्रमुख मंदिरों में स्मार्टफोन ले जाने और उसके इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। यह नियम मंगलवार से लागू हो गया है। अब श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से पहले अपना कैमरा वाला मोबाइल फोन निर्धारित काउंटर पर जमा करना होगा।

मोबाइल जमा करने के लिए प्रति फोन 5 रुपये शुल्क लिया जाएगा। हालांकि, बिना कैमरे वाले मोबाइल फोन मंदिर के अंदर ले जाने की अनुमति होगी। मंदिर परिसर में फोटो खींचने, वीडियो रिकॉर्ड करने और रील बनाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

हिंदू रिलीजियस एंड चैरिटेबल एंडोमेंट्स (HR&CE) मंत्री रमेश ने बताया कि यह नियम VIP, सेलिब्रिटी और अन्य मशहूर लोगों पर भी लागू होगा। मंदिर परिसर में किसी भी व्यक्ति की फोटो या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होगी।

मंदिरों की पवित्रता बनाए रखना उद्देश्य

यह फैसला 2 दिसंबर 2022 को मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच के आदेश के आधार पर लागू किया गया है। मंदिरों में श्रद्धालुओं, खासकर युवाओं द्वारा सेल्फी, रील और वीडियो बनाने को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही थी।

सरकार का कहना है कि मोबाइल और कैमरे के इस्तेमाल पर रोक लगाने का उद्देश्य मंदिरों की पवित्रता, धार्मिक अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।

कांचीपुरम मंदिर में शुरू हुई व्यवस्था

कांचीपुरम के प्रसिद्ध देवराजस्वामी-अथि वरदार मंदिर में मंगलवार सुबह 6 बजे से मोबाइल जमा करने की व्यवस्था शुरू कर दी गई। यहां श्रद्धालुओं के फोन जमा कराने के लिए दो कंप्यूटर ऑपरेटर और दो अन्य कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने दिया था आदेश

मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच ने तिरुचेंदूर के अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में स्मार्टफोन के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई की थी। इसके बाद मंदिरों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। कोर्ट ने मंदिरों में मोबाइल ले जाने पर रोक लगाने के साथ श्रद्धालुओं के फोन सुरक्षित रखने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए थे।

बोर्ड और लाउडस्पीकर से दी जाएगी जानकारी

HR&CE विभाग ने मंदिर प्रशासन को प्रवेश द्वार और परिसर के बाहर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। लाउडस्पीकर के जरिए भी श्रद्धालुओं को नियम की जानकारी दी जाएगी। विभाग के मुताबिक, मंदिर परिसर में देवी-देवताओं की फोटो खींचने, वीडियो बनाने और धार्मिक अनुष्ठानों की रिकॉर्डिंग पर भी रोक रहेगी।